पटना : आज पटना गांधी मैदान में कांग्रेस की जन आकांक्षा रैली हुई। कांग्रेस की जन आकांक्षा रैली में लाखों की भीड़ ने शिरकत किया। रैली में पहुंचे लोगों में उत्साह नजर आ रहा था। गांधी मैदान में राहुल गांधी जिन्दाबाद के नारे गुंजते रहे। रैली में बिहार कांग्रेस के नेताओं के साथ-साथ देश के कई दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा। रैली को कांग्रेस का शक्ति परीक्षण माना जा रहा है। रैली में महागठबंधन के नेताओं ने भी अपनी ताकत दिखाई। रैली के माध्यम से कांग्रेस ने आम चुनावों का बिगुल फूंक दिया है।

पटना विवि को केंद्रीय विवि का दर्जा मिलेगा : राहुल
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने अभिभाषण में पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने का वादा किया। उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनने पर न्यूनतम आय गारंटी देने की बात कही। साथ ही युवाओं से रोजगार देने का भी वादा किया। राहुल गांधी ने बिहार के गौरवशाली शिक्षा व्यवस्था का बखान किया। साथ ही उसे नीतीश कुमार द्वारा चौपट करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनने पर बिहार की चौपट शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने का वादा किया।

राहुल गांधी ने कहा कि, ‘कांग्रेस की सरकार ने पहली हरित क्रांति शुरू की थी। देश की दूसरी हरित क्रांति भी हमारी सरकार ने तीनों राज्यों में किसानों के कर्जमाफी का वादा पूरा करने से शुरू कर दिया है। इसमें हमारी सरकार में बिहार का भी नाम शामिल होगा।

मोदी सरकार उद्योगपतियों की जेब भरती है : राहुल
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा, ‘देश का चौकीदार चोर है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। राहुल गाध्ां ने कहा कि यह सरकार व्यापारियों को पैसा देती है। जबकि गरीबों की हकमारी करती है। राहुल गांधी ने बिहार सीएम नीतीश कुमार पर भी महागठबंधन से नाता तोड़कर राज्य से वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नोटबंदी का बहाना बनाकर, आम आदमी को पंक्तियों में खड़ाकरके, उनकी जेब खाली कर उद्योगपतियों की जेब भरती है। प्रधानमंत्री ने अनिल अंबानी, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसों के जेब भरे हैं। देश का चौकीदार चोर है।

राहुल पीएम मैटेरियल हैं : तेजस्वी
वहीं रैली में शामिल हुए राजद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस को झूठ की फैक्ट्री कहा। उन्होंने कहा, ‘बिहार के लोग उड़ती चिड़ि़या को हल्दी लगाने का काम करते हैं, अगले चुनाव में वे बिहार को ठगने वाले से बदला जरूर लेंगे। राहुल गांधी के संबंध में तेजस्वी ने कहा, राहुल गांधी पीएम मैटेरियल हैं। तेजस्वी ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव के संबंध में कहा कि, वे शेर हैं, कोई कुछ भी कर ले मगर गरीबों की लड़ाई वाले लालू को लोगों के दिल से निकाल नहीं पायेंगे।

रैली में मध्यप्रदेश सीएम कमलनाथ, राजस्थान सीएम अशोक गहलोत, बिहार प्रदेश के नेता जीतनराम मांझी, शरद यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह के साथ-साथ कई कद्दावर नेता शामिल हुए।